मऊरानीपुर। दिवाली पर्व पर आतिशबाजी लाइसेंस के लिए दमकल विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने में अवैध वसूली का मामला सामने आया है। मऊरानीपुर दमकल विभाग स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एनओसी के एवज में रुपयों का लेनदेन होता दिख रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति वर्दी पर दो स्टार लगाकर व्यापारियों पर रौब झाड़ रहा था। जांच में पता चला कि वह दरोगा नहीं, बल्कि विभाग का चालक है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय झांसी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मऊरानीपुर फायर स्टेशन पर कोई उपनिरीक्षक तैनात नहीं है। इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो और चालक पर लगे आरोपों की गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसमें अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई दोनों शामिल हैं।