मौसम की तल्खी कम होने का नाम नहीं ले रही है। पारे का ग्राफ लगातार ऊपर की ओर चढ़ रहा है। मंगलवार को तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई। तीखी धूप के बीच आसमान से दिन भर आग बरसती रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम का यही मिजाज रहने वाला है।
मंगलवार को सुबह से ही चटख धूप खिली रही। दोपहर में धूप का तीखापन अपने चरम पर पहुंच गया। दिन भर मौसम का यही हाल रहा। गर्म हवाओं की वजह से शाम को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। इससे तापमान में भी 0.4 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो मंगलवार को बढ़कर 45.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात के तापमान में भी 0.2 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई। यह 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार - पांच दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहने वाला है। पारे का ग्राफ 45 से 46 डिग्री के मध्य रहेगा। जबकि, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के इर्दगिर्द ही रहने की संभावना है। अधिकतम आद्रता 40 प्रतिशत तक पहुंचेगी, जिससे पसीना भी खूब आएगा।
पौधों का रखें ख्याल
इस भीषण गर्मी में घर में रखें पौधों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। धूप की तेजी पौधों की सेहत पर भारी पड़ सकती है। कृषि मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. मुकेश चंद्र ने बताया कि छत या घर के बाहर खुले में रखे पौधों को दोपहर में ग्रीन नेट से ढक दें। गमलों में मिट्टी कम होती है और तेज धूप मिट्टी का पानी सोख लेती है। ढके होने की वजह से धूप सीधे उन तक नहीं पहुंचेगी। सुबह - शाम पौधों में पानी डालें। धूप में कतई पानी न डालें। मिट्टी गर्म होती है और पानी से उसमें तेजी से वाष्पीकरण होता है। इसका जड़ों पर प्रतिकूल असर पड़ता है। पौधों की बढ़त रुक जाती है। पौधों को छांव में रखें तो और भी बेहतर है।