चीख पुकार के बीच वार्ड में भर्ती बच्चों को गोद में लेकर इधर-उधर भागने लगीं माताएं
इमरजेंसी और पुरुष सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराए गए 10 बच्चे, जांच के लिए वार्ड सील
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड की छत पर शनिवार शाम करीब 4.30 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। ऊंची लपटें देख लोगों ने शोर मचाया तो अफरातफरी मच गई। चीख पुकार के बीच वार्ड में भर्ती बच्चों को गोद में लेकर माताएं इधर-उधर भागने लगीं। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। हादसे के बाद बच्चा वार्ड में उपचाराधीन 10 बच्चों को इमरजेंसी और पुरुष सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। जांच के लिए बच्चा वार्ड को सील कर दिया गया है।
बच्चा वार्ड की छत से बिजली केबल गुजरी है। इनमें ज्वाइंट लगे हैं। ज्वाइंट में शार्ट सर्किट होने से केबल में आग लग गई। कुछ ही देर में छत पर पड़े सूखे पत्तों में आग पकड़ ली। धीरे-धीरे छत से छू रही पेड़ों की डालियों में भी आग पकड़ ली। इस कारण लपटें उठने लगीं। इस दौरान अस्पतालकर्मियों ने अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया। एसपी सिटी तीन दमकल गाड़ियों को लेकर पहुंच गए। पौन घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
अस्पताल प्रशासन ने वहां भर्ती पांच बच्चों को इमरजेंसी और पांच बच्चों को पुरुष सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक छानबीन में वार्ड की छत पर फैले तार में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। नीचे वार्ड तक आग का कोई प्रभाव नहीं था। समय रहते दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। कोई भी व्यक्ति जख्मी नहीं हुआ।
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक ने तलब की रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. रतनलाल सुमन ने जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. प्रमोद कटियार से रिपोर्ट तलब की है। वहीं, डॉ. कटियार का कहना है कि डीजी को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अस्पताल के सभी तारों को दुरुस्त किया जाए और छतों से सूखे पत्तों को साफ कराया जाए। एसआईसी ने बताया कि वार्ड में भर्ती सभी बच्चे सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरे वार्डों में शिफ्ट करा दिया गया है।
सीएमएस बोले, घटना के समय भर्ती थे 10 बच्चे
सीएमएस डॉ. एके सोनी ने बताया, रिकॉर्ड के अनुसार वार्ड में 17 बच्चे भर्ती थे। दोपहर में सात बच्चों को लेकर माताएं चली गईं। वे लिखकर गई थीं कि शाम को इंजेक्शन लगवाने के लिए बच्चे को लेकर आएंगी। जिस समय आग लगी, उस समय 10 बच्चे भर्ती थे। हादसे की वजह का पता करने के लिए वार्ड को सील कर दिया गया है।
0- वर्जन
जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड की छत पर आग लगी थी। कोई अनहोनी नहीं हुई है। एसआईसी को टीम गठित कर हादसे की जांच कराने के लिए कहा गया है। - डॉ. सुधाकर पांडेय, सीएमओ