चिरगांव। कस्बा में रामनगर रोड स्थित जैन धर्मशाला के पास लगे ट्रांसफार्मर में आग लगने से बड़ा हादसा होते होते बचा है। खबर लगते ही आसपास लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने बिजली बंद कराते हुए आग पर पानी डालकर बुझाया।
चिरगांव नगर में रामनगर रोड पर जैन धर्मशाला के पास विद्युत ट्रांसफार्मर रखा है। यहां पर आसपास के लोगों द्वारा कचरा डाला जाता है। बृहस्पतिवार की शाम अचानक कचरे में आग लगने के कारण आग की लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं। जिससे उसकी केबल जल गई। समय रहते लोगों ने पानी डालकर आग को बुझाया। लोगों का कहना है कि अगर ट्रांसफार्मर फट जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसी ही स्थिति रामनगर रोड स्थित बाल मंदिर स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग की है। यहां पर भी ट्रांसफार्मर के निकट आसपास के लोगों द्वारा कचरा डाला जाता है। स्थानीय लोगों ने कचरे के लिए अलग से स्थान निर्धारित किए जाने की मांग की है। जिससे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। संवाद