संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। नैनागढ़ चौकी के समीप खातीबाबा रोड पर स्थित मकान की ऊपरी मंजिल पर बृहस्पतिवार शाम अचानक आग लग गई। सिलिंडर फटने से हुए तेज धमाके की आवाज से हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इस दौरान ऊपर मंजिल पर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ चौकी ईसाईटोला खातीबाबा रोड पर राजबहादुर का मकान है। राजबहादुर ई-रिक्शा चलाने का काम करता है। घर पर पत्नी ने मकान की ऊपरी मंजिल पर गैस सिलिंडर पर खाना बनाया और शाम हाेने के कारण पूजा का दीया आदि जलाकर नीचे आ गई। इसी बीच अचानक आग लग गई और सिलिंडर फटने से हुए तेज धमाके से हड़कंप मच गया। चौकी इंचार्ज संत प्रकाश त्रिपाठी सहित स्टॉप मौके पर पहुंचा व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। आग से ऊपरी मंजिल पर रखा सामान जल गया। थाना प्रभारी प्रेमनगर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि ऊपरी मंजिल में आग लगी थी, ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। आग बुझा ली गई है।