संवाद न्यूज एजेंसी
रानीपुर। बस स्टैंड के पास रहने वाले पार्षद के घर में बृहस्पतिवार की सुबह चाय बनाते समय गैस सिलिंडर से आग लग गई, जिससे नकदी, गृहस्थी का सामान फ्रिज, कूलर, अलमारी, टीवी जल गए।
बस स्टैंड के पास वार्ड नंबर 11 के पार्षद दीपक अहिरवार का घर है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे घर में एक महिला चाय बना रही थी। तभी गैस सिलिंडर में आग लग गई। परिवार के सदस्यों के चोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। किसी तरह लोगों ने सिलिंडर को उठाकर बाहर फेंका, तब तक घर के अंदर अलमारी में रखे ढाई लाख रुपये नकद, कूलर, फ्रिज, टीवी, फोन, गहने, कपड़े सहित गृहस्थी का अन्य सामान जल चुका था।
बाद में मौके पर पहुंचे दमकल दस्ते ने मोहल्ले के लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। सूचना पाकर उपनिरीक्षक सतीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा कि आग से लगभग छह लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर मौजा के लेखपाल पुष्पेंद्र कुमार मौके। उन्होंने कहा कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर शासन को आर्थिक सहायता के लिए भेजी जाएगी।
स्थानीय डॉ. बीपी सिंह परिहार, हरिमोहन, अरविंद सिंह परिहार, भागचंद साहू बीडीसी, चंद्रशेखर इटैलिया आदि ने पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की शासन से मांग की है।