झांसी। मऊरानीपुर के मोहल्ला दुबे चौक में सोमवार की सुबह खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लगने से लगभग एक लाख रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड टीम व कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
सोमवार की सुबह मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला दुबे चौक निवासी रामगोपाल बिलैया के मकान में खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गयी। धीरे-धीरे आग ने गृहस्थी के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना आस-पड़ोस के लोगों व परिजनों द्वारा फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड टीम के प्रभारी नरेंद्र मिश्रा, पवन कुमार ने अपनी टीम के साथ बमुश्किल आग पर काबू पाया। पीड़ित रामगोपाल ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति वैसे ही खराब थी और ऐसे में घर गृहस्थी का लगभग एक लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। पीड़ित ने शासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।