झांसी। बिजौली ग्रोथ सेंटर के पास ट्रक से उतारकर कूड़ा जला रहे लोगों की शिकायत क्षेत्रवासियों ने पुलिस से की। वायु प्रदूषण को लेकर लोगों ने जागरूक होकर आवाज उठाई तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, कूड़ा जलाने वाले भाग गए।
बिजौली ग्रोथ सेंटर के पास बृहस्पतिवार की सुबह कुछ लोगों ने ट्रक से प्लास्टिक का कचरा उतारकर आग लगा दी। काले धुएं का गुबार उठने लगा तो लोगों ने प्रेमनगर थाना पुलिस को फोन कर शिकायत की। वायु प्रदूषण पर शासन की सख्ती होने की वजह से पुलिस भी हरकत में आ गई। हालांकि, जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक कूड़ा जलाने वाले भाग चुके थे। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 278 और वायु प्रदूषण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।