मऊरानीपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिना अनुमति प्रदर्शन कर पुतला दहन करना समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं को भारी पड़ा। मऊरानीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष समेत चार सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शांति भंग और बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन के आरोप में की गई।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष राकेश पहलवान के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता डाकखाना चौराहे पर एकत्र हुए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन से पहले, सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
ज्ञापन में निष्पक्ष चुनाव न होने से लोकतंत्र में विश्वास उठने का आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत मताधिकार की रक्षा की मांग की। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने और उनके कार्यकाल की जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस प्रदर्शन और पुतला दहन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सपा नेता राकेश पहलवान, चांद राईन, हेमंत यादव और हबीब खान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि पुतला फूंकने के मामले में मौजूद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।