झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में अवर अभियंता अंबरीश गौतम एवं उनकी पत्नी पूनम गौतम के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर सीपरी बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पेशे से अभियंता मनोज कौशिक ने पुलिस को बताया कि अंबरीश की पत्नी पूनम गौतम श्रीजी एसोसिएटस के नाम से फर्म संचालित करती हैं। इसमें अंबरीश भी हिस्सेदार हैं। आरोपियों ने उसे बताया कि उनकी फर्म जीएसटी में ब्लॉक हो गई है। उनको एमईएस में 22 लाख रुपये के रिपेयरिंग कार्यों का ठेका मिला है। आरोपियों की बात में आकर उसने अपने पास से रकम लगाकर यह काम पूरा कर दिया। काम पूरा होने के बाद आरोपियों ने 21.08 लाख रुपये का भुगतान हासिल कर लिया लेकिन, उसे सिर्फ 16.31 लाख रुपये दिए। जब उसने अपने पूरे पैसे मांगे तब आरोपियों ने उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। जान से मार देने की भी धमकी दी गई। पैसा वापस मिलता न देख मनोज शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस के रिपोर्ट न दर्ज करने पर उसने कोर्ट की शरण ली। आखिरकार कोर्ट के आदेश पर सीपरी बाजार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। सीपरी बाजार पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।