झांसी। फाइनेंस कंपनी का कलेक्शन मैनेजर करीब 12.59 लाख रुपये की उगाही करने के बाद फरार हो गया। जमाकर्ताओं से पैसा लेने के बाद यह पैसा उसने कंपनी में जमा नहीं किया और बैंक की फर्जी रसीदें बनाकर कंपनी को भेज दीं। जांच-पड़ताल में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद कंपनी ने आरोपी कलेक्शन मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में सीपरी बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आगरा की एलएंडटी फाइनेंस लिमिटेड का महाराणा प्रताप नगर में कार्यालय है। कंपनी की ओर से वाहन फाइनेंस समेत अन्य कार्य किए जाते हैं। कंपनी के डिवीजनल लीगल मैनेजर शिवमंगल सिंह ने पुलिस को बताया कि कंपनी मेंं ललितपुर के चंडी मंदिर, नई बस्ती निवासी शशि प्रकाश तिवारी कलेक्शन अधिकारी के तौर पर काम करता था। वाहन फाइनेंस समेत अन्य वसूली करना उसके जिम्मे था। पिछले करीब एक साल के दौरान उसने कुल 12,59,276 रुपये वसूल किए लेकिन, यह पैसा कंपनी में जमा नहीं किया। पैसा अपने पास रखकर जमा करने की फर्जी रसीद वह कंपनी में भेजता रहा। जांच पड़ताल के दौरान फरवरी माह में यह मामला उजागर हो गया। जब कंपनी के लोगों ने पैसा जमा कराने को कहा तब आरोपी ने गाली गालौज के साथ ही जान से मार डालने की धमकी दी। नवाबाद पुलिस ने लीगल मैनेजर शिवमंगल सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नवाबाद इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्र के मुताबिक मामले की छानबीन कराई जा रही है।