झांसी। अल्पसंख्यक वित्तीय एवं विकास निगम लिमिटेड से 28 साल पहले टर्म लोन लेने के बाद अदायगी न करने वाले 203 लाभार्थियों को अल्पसंख्यक विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किए हैं। इन पर विभाग का सवा पांच करोड़ रुपये बकाया है।
अल्पसंख्यक वित्तीय एवं विकास निगम लिमिटेड ने वर्ष 1996 में टर्म लोन योजना शुरू की थी। योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 15 से 50 हजार रुपये तक का ऋण सात फीसदी ब्याज दर से 272 आवेदकों को मुहैया कराया गया था। 69 लाभार्थियों ने तो समय से ऋण अदा कर दिया था। लेकिन 203 लाभार्थियों ने ऋण की अदायगी नहीं की है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उप निदेशक मोहम्मद तारिक ने बताया कि टर्म लोन योजना के ऋण अदा न करने वाले 203 लाभार्थियों को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। पंद्रह दिन में ऋण अदा नहीं करने पर आरसी जारी करने के लिए तहसील प्रशासन को सूची सौंपी जाएगी। संवाद