झांसी। पतंग के बाजार में एक के बाद एक प्रयोग हो रहे हैं। रंगबिरंगी पतंगों के अलावा अब नेताओं की फोटो व उपलब्धियों का बखान करतीं पतंगें भी बनाई जाने लगी हैं। इन दिनों प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी व समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो युक्त पतंगों के पेंच रोजाना आसमान में लड़ रहे हैं। कभी मोदी की पतंग कट रही है तो कभी अखिलेश की। इस बहाने दोनों ही पार्टियों का खूब प्रचार हो रहा है।
ग्रीष्म ऋतु के अलावा मकर संक्रांति पर युवा व बच्चे खूब पतंग उड़ाते हैं। घर-घर में यह शौक आम है। पतंग पर कई प्रयोग भी होते रहे हैं। पतंग बनाने वाले लोगों की भावनाओं व राजनीति के शौक को भी भुनाने में पीछे नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की संयुक्त फोटो वाली पतंगें इन दिनों बाजार में छाई हुई हैं।
इसके अलावा भाजपा का चुनावी नारा सबका साथ-सबका विकास के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो वाली पतंग एवं स्टेच्यू आफ यूनिटी लिखी हुई सरदार पटेल की प्रतिमा एवं संबोधन करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो वाली पतंग बाजार में बिक रही हैं। सपा की उपलब्धियों की पतंगें भी बाजार में खूब बिक रही हैं।
इन पतंगों पर उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर, 2017 में विकास पुरुष मा. अखिलेश यादव को पुन: मुख्यमंत्री बनाए जाने की अपील की गई है। वहीं सपा के झंडा लाल व हरे रंग से युक्त पतंग पर पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल भी बना है।
इनके अलावा प्रदेश की सपा सरकार की उपलब्धियां, मुलायम सिंह के फोटो, वुमेन पावर लाइन हेल्पलाइन नंबर 1090, आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे निर्माण 23 नवंबर 2014 से प्रारंभ, समाजवादी एंबुलेंस सेवा डायल करें 108, समाजवादी पेंशन योजना, निशुल्क शिक्षा का प्रबंध, नि:शुल्क लैपटॉप वितरण योजना सहित लगभग एक दर्जन योजनाएं अंकित हैं। इसके अलावा सचित्र मेट्रो रेल परियोजना एवं यमुना एक्सप्रेस वे को भी दर्शाया गया है।
यह पतंगें आसमान में खूब उड़ रही हैं। स्थानीय पतंग विक्रेता मोहम्मद नासिर के मुताबिक यह पतंगें लखनऊ से आई हैं। बाजार में यह पतंगें युवा व बच्चों में खासी पसंद की जा रही हैं। अब तक लगभग 20 हजार पतंगें बिक चुकी हैं।