अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार थाना इलाके में महिला चिकित्सक के साथ दो लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
सतीश नगर निवासी आईएमए के पूर्व सचिव डा. अनु निगम की पत्नी डा. पारुल निगम के पास आई कॉल में फोन करने वाले ने खुद को कैंट अस्पताल का कर्मचारी बताया। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि कुछ महिला कर्मचारियों का परीक्षण होना है, जिसमें उनकी सेवाओं की आवश्यकता है। पहले डा. पारुल निगम ने परीक्षण से मना कर दिया। बावजूद, उनके पास कई फोन आए। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय पत्र भी भेजा। इस पर महिला चिकित्सक राजी हो गईं। इसके बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने पंजीकरण के लिए उनके पास लिंक भेजा, जिसे खोलते ही महिला चिकित्सक के खाते से दो लाख रुपये निकल गए। सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि महिला चिकित्सक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।