मोंठ (झांसी)। विकास खंड मोंठ की ग्राम पंचायत बम्हरौली स्थित सिंधी कॉलोनी में खराब सोलर लाइटों के कारण रात में अंधेरा छाया रहता है। सौर ऊर्जा विभाग ने सड़क निर्माण के साथ कॉलोनी में लाइटें लगाई थीं। इनसे ग्रामीणों को रात में आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी। लाइटें लगने पर ग्रामीणों ने विभाग और प्रशासन का आभार जताया था। लेकिन कुछ माह बाद ही ये खराब हो गईं। ग्रामीणों ने समस्या से अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत कराया है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत नहीं हुई है। रोशनी के अभाव में लोगों को रात में आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से खराब लाइटों को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है। इससे कॉलोनी में फिर से रोशनी होगी और लोगों को अंधेरे से राहत मिलेगी।