संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। चिलचिलाती गर्मी के साथ बिजली सिस्टम पर लोड बढ़ गया है। इसके चलते कई जगह केबलों में फाल्ट के चलते आग लगी तो तीन ट्रांसफार्मरों भी आग की चपेट में आ गए। गल्ला मंडी, मेडिकल कॉलेज, नगरा, शिवाजी नगर क्षेत्र समेत बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी की बिजली प्रभावित रही। मोहल्लों में उपभोक्ता बिजली को लेकर परेशान रहे। वहीं विश्वविद्यालय परिसर में कामकाज प्रभावित रहा।
झांसी शहर का तापमान 46 डिग्री के पास पहुंच चुका है। गर्मी से बचने का एकमात्र सहारा बिजली ही है, लेकिन बिजली उपकरणों के बेतहाशा उपयोग से सिस्टम पर लोड बढ़ गया है। सोमवार की शाम नंदनपुरा बिजलीघर अंतर्गत बिहारीपुरा एरिया में केबल में आग लगने के साथ ही 400 और 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे बिहारीपुरा एरिया के अलावा गरिया फाटक, बिलेश्वरपुरा, महाराजपुरा आदि इलाके की बिजली मंगलवार की शाम तक प्रभावित रही।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में रविवार-सोमवार रात 3 बजे से अगले दिन सोमवार शाम 5 बजे तक, फिर सोमवार-मंगलवार रात एक बजे से मंगलवार शाम 4 बजे तक बिजली गुल रही। फाल्ट खोजने के लिए पेट्रोलिंग की गई, लेकिन कहीं भी फाल्ट नहीं मिला। इसके बाद परिसर में स्थित स्ट्रीट लाइट के कनेक्शनों की जांच की गई तो इसमें एक तार कटा हुआ था, जो लोहे के पोल से टकराया हुआ था। इससे अर्थिंग की समस्या के चलते पूरी लाइन खराब हो गई थी। इसमें सुधारकर आपूर्ति सुचारू की गई।
इसके अलावा, गल्ला मंडी व राजपूत कॉलोनी एरिया में भी केबल जलने से सोमवार-मंगलवार रात 2.30 बजे से सुबह 5.30 बजे तक गुल रही। यहां केबल में आग लगने की घटना से ट्रांसफार्मर में भी आग लग गई। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर को बचा लिया गया। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि गल्ला मंडी, मेडिकल कॉलेज व नगरा क्षेत्र में केबल में फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसमें सुधार कर आपूर्ति सुचारू कर ली गई है।