पानी से खराब हुई फसल, किसानों ने मांगा मुआवजा
झांसी। शनिवार को बुंदेलखंड किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा गया, जिसके जरिये खेतों में पानी भरने से खराब हुई फसल का मुआवजा दिए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने बताया कि पिछले दो दिनों के दरम्यान बेतवा नदी का पानी खेतों में भरने से ग्राम लहरठकुरपुरा, मजरा खिरकन में लगभग तीन सौ एकड़ में खरीफ की फसल नष्ट हो गई है। मूंगफली, उर्द, मूंग, तिली के साथ-साथ तमाम किसानों की अदरक की खेती को भी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों को लगभग साठ लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। साथ ही कुछ किसानों को दुधारू पशुओं से भी हाथ धोना पड़ गया है। किसानों ने मुआवजे की मांग की।
इस मौके पर देवी सिंह, आजाद यादव, संग्राम, नाथूराम, राजकुमार, गजराज, देवी सिंह राजपूत, रमेश रायकवार आदि मौजूद रहे।