झांसी। रक्सा में खेतों से निकली 11 केवी की हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से एक किसान की फसल में आग लग गई। पास के खेतों पर काम करने पहुंचे किसानों ने आग बुझाने का प्रयास किया पर हवा के कारण आग फैल गई और फसल नष्ट हो गईं। आग की लपटों से एक और किसान के खेत में रखे भूसे में आग लग गई। इससे पहले दूसरा ढेर भी जलता, सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने काबू पा लिया।रक्सा थाना के गेवरा गांव के रहने वाले किसान दीपक यादव ने बताया कि उसने अपने खेत पर गेहूं की फसल उगाई थी। शुक्रवार को खेत पर करीब 50 हजार की फसल कटी पड़ी थी। उसके खेत से 11 हजार की हाईटेंशन लाइन निकली है। दोपहर के वक्त लाइन में फाल्ट से निकली चिंगारी से उसकी कटी फसल में आग लग गई। उसने आसपास किसानों को मदद के लिए बुलाया। आग लगते देख किसान उसकी मदद के लिए दौड़े और आग बुझाने का प्रयास करने में जुट गए लेकिन, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर दमकलकर्मी पहुंचे। आग कुसुमा पत्नी रघुवीर के खेत तक पहुंच गई और उसके खेत पर पड़ा दो ट्रॉली भूसा भी जलकर राख हो गया। हालांकि, मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। संवादू