मेडिकल में भाई की मौत के बाद कलैक्टे्ट पिछले दरवाजे पर विलखते भाई। अमर उजाला
झांसी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जेल चौराहा पहुंचकर पुलिसकर्मियों के पैर पकड़कर रो-रोकर दुखड़ा सुनाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन मिलने पर परिजन माने। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रेमनगर के हंसारी निवासी भगवानदास साहू (58) सेल्समेन थे। दो दिन पहले तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भगवानदास की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की, लेकिन उनकी सुनवाई न होने से खफा परिजन अफसरों के पास पहुंचे। अफसरों के पास जाते समय रास्ते में जेल चौराहा के पास पुलिस फोर्स शराब की दुकानों को खुलवाने में लगा था। पुलिस फोर्स को देखकर परिजन पुलिसकर्मियों के पैर पकड़कर रोते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। यह देखकर पुलिसकर्मी सकपका गए। किसी तरह परिजनों को समझाकर उनको शांत कराया। आश्वासन मिलने पर परिजन माने। मृतक के परिजनों का आरोप था कि दो दिन से वह भूख व प्यास से बेहाल थे। ऐसे में पानी न मिलने के कारण उनकी जान चली गई। आरोप है कि रात में कई बार फोन कर पानी भी मांगा था। परिजन पानी देने भी पहुंचे थे, लेकिन उनको मिलने से मना कर दिया गया था।