महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में मरीज को एक्सरे के लिए ले जाते समय परिजन को स्ट्रेचर खींचते और बेटे को खून का थैला पकड़े देखकर भी स्टाफ नर्स ने अनदेखा कर दिया। ऐसी दो स्टाफ नर्सों को कॉलेज प्रशासन ने चिह्नित किया है। उनसे जवाब तलब किया जाएगा।
आठ मई को मेडिकल कॉलेज में भर्ती छतरपुर के राजू नायक की पत्नी शकुंतला को डॉक्टरों ने एक्सरे कराने के लिए कहा था। उस समय मरीज वार्ड दो में भर्ती थी। यहां से परिजन मरीज को स्ट्रेचर से रेडियोलॉजी विभाग ले गए। चूंकि, मरीज को खून चढ़ाया जा रहा था। ऐसे में बेटा साथ में खून का थैला पकड़े हुए चल रहा था। खास बात ये है कि स्ट्रेचर से मरीज को ले जाने के दौरान कोई भी वार्ड बॉय मदद के लिए नहीं आया। जबकि, नियमानुसार वार्ड बॉय को साथ रहना चाहिए था।
लिफ्ट खराब होने की वजह से मरीज को रैंप के जरिये स्ट्रेचर से ले जाया जाता है। ऐसे में आदत न होने से परिजनों से स्ट्रेचर छूटने का भी खतरा रहता है। मेडिकल कॉलेज की इस अव्यवस्था की फोटो को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद कई कर्मचारियों के निलंबन, सेवा समाप्ति से लेकर वेतन रोकने तक की कार्रवाई की जा चुकी है। कॉलेज प्रशासन की आगे की जांच में दो और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ गई है। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीमारदार को स्ट्रेचर खींचते दोनों स्टाफ नर्स देखते हुए दिखाई दे रही हैं। इन दोनों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।