अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। घरवाले नाबालिग लड़की की शादी करने जा रहे थे। नाबालिग ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया। परिजनों को सख्त हिदायत देते हुए शादी रुकवा दी।
रक्सा थाना इलाके के ग्राम पुनावली में एक परिवार में नाबालिग बेटी के विवाह की तैयारियां चल रही थीं। हालांकि बेटी इसके लिए राजी नहीं थी। इस पर बेटी ने इसकी सूचना रक्सा पुलिस को दे दी। पुलिस ने लड़की को सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद बेटी के परिवार के लोगों को सीडब्ल्यूसी ने बुलाया। उन्हें नाबालिग का विवाह न करने की सख्त हिदायत देते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के बारे में बताया गया। दबाव बनने पर परिजन बेटी की शादी से पीछे हट गए।
वहीं, सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि बबीना में एक संस्था की ओर से सामूहिक विवाह का आयोजन बिना किसी आयु प्रमाण पत्र को देखे किया जा रहा था। जानकारी होने पर यह समारोह रुकवा दिया गया। इसके अलावा, महावीरनपुरा में भी एक बाल विवाह को रुकवाया गया।