Fake video virul vacancy in nagar nigam
झांसी। नगर निगम में भर्तियां होने का संदेश सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस दौरान संदेश की पुष्टि के लिए नगर निगम के अधिकारियों और बाबुओं से लोगों ने संपर्क करना शुरू कर दिया। तमाम लोग भर्तियों की जानकारी करने के लिए नगर निगम पहुंच गए। इस पर नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए भर्तियां करने की बात नकारी है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर संदेश वायरल हुआ कि नगर निगम में कंप्यूटर आपरेटर, मल्टी टास्किंग स्टाफ, हेल्पर और चपरासी पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। संदेश वायरल होते ही लोग नगर निगम में भर्तियों की जानकारी करने के लिए पहुंचने लगे। इस दौरान कई लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से भी संपर्क किया। मामला नगर आयुक्त अवनीश राय तक पहुंचा, तो उन्होंने मामले में संज्ञान लेते हुए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम में कोई भर्ती नहीं की जा रही है और न ही कोई ऐसा प्रस्ताव विचाराधीन है। कोई भी संदेश के बहकावे में न आए। अगर कोई व्यक्ति या संस्था ऐसा प्रलोभन देती है, तो संबंधित थाने में सूचना दर्ज कराएं।