झांसी। लॉकडाउन 2 में पुलिस बेहद सख्त हो गई है। हर चौराहे पर सख्ती से चेकिंग की जा रही है। सीपरी बाजार में आने- जाने वाले वाहनों की कैमरों से निगरानी की जा रही है। बृहस्पतिवार को इलाइट चौराहे पर आईजी सुभाष सिंह बघेल ने वाहन चालकों को रोककर पूछताछ की। पुलिस के साथ काम कर रहे एनसीसी कैडेट्स की सराहना की।
लॉकडाउन 2 के चलते महानगर में एक बार फिर सख्ती बढ़ा दी गई है। बेवजह बार-बार वाहन लेकर सड़कों पर निकलने वाले लोगों पर सख्ती बरती जा रही है। बृहस्पतिवार को अलग- अलग चौराहों से निकलने वाले वाहन चालकों से दिन भर पूछताछ होती रही। सभी चौराहों के एक तरफ के रास्ते को बैरीकेडिंग से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। दूसरे रास्ते पर भी इतना ही रास्ता छोड़ा गया है, जहां से एक- एक कर ही वाहन निकल सकें। सीपरी बाजार के साथ-साथ महानगर के चौराहों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बृहस्पतिवार को भी अफसरों ने भी घूम-घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईजी ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। बेवजह निकलने वाले लोेगों पर सख्ती बरती जा रही है।