झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की एक छात्रा का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर किसी ने अश्लील फोटो डाल दी। साथी छात्राओं से जानकारी मिलने के बाद छात्रा घबरा गई। एकत्रित छात्राओं ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। साइबर सेल ने पड़ताल कर छात्रा का अकाउंट खंगाला है।
थाना नवाबाद क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की छात्रा है। दो दिन पहले किसी ने उसके नाम का फर्जी अकाउंट बना लिया। असली अकाउंट से फोटो चोरी करने के बाद फर्जी अकाउंट में डाल दी। इसके बाद कई दोस्तों को जोड़ने के बाद अश्लील फोटो डाल दीं और उसका मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर पर कई युवकों के फोन आना शुरू हो गए। पहले तो छात्रा कुछ समझ नहीं पाई। इसी बीच फर्जी अकाउंट से एक साथी छात्रा के पास फ्रेंड रिक्वेस्ट आने के बाद शक हुआ। उसने छात्रा को बताया, इसके बाद दोनाें ने फर्जी अकाउंट को देखा तो उसमें खुद की फोटो व अश्लील फोटो देखकर वह घबरा गई। मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की। जहां एसपी देहात राहुल मिठास ने साइबर सेल को अकाउंट बंद करने के आदेश दिए। साइबर सेल ने जानकारियां लेकर अकाउंट को खंगाला है।