झांसी। पारिवारिक विवाद के बाद ओरछा निवासी आत्माराम (56) ने जहर निगल लिया। अचेत हाल में उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ओरछा (मप्र) के सीतापुर गांव निवासी आत्माराम ओरछा तिगैला के पास एक फैक्टरी में काम करता था। परिवार में पत्नी समेत तीन बेटे हैं। तीनों बेटों की शादी हो चुकी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आपसी कलह की वजह से आत्मराम परेशान रहता था। बृहस्पतिवार शाम को वह काम के बहाने घर से निकला था। यहां से वह ओरछा तिगैला गया। रास्ते में उसने जहर निगल लिया। कुछ देर बाद घर लौटने पर भतीजे अनूप से जहर निगल लेने की बात बताई। उसने भतीजे से खुद को बचा लेने की गुहार लगाई। कुछ देर बाद ही वह अचेत हो गया। परिजन उसे लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसके जहर निगलने की पुष्टि की। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया। तड़के उसकी मौत हो गई। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक जहर निगलने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ओरछा थाने भेजी जाएगी। आगे की कार्रवाई वहां से होगी।