फेसबुक पर दोस्ती के बाद प्यार करना बदायूं की एक युवती को काफी भारी पड़ा। युवक की बातों में आकर युवती अपना घर छोड़कर झांसी आ गई। यहां वह चार महीने तक इसी युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रही। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे पहले शादी करने का वायदा किया था लेकिन, अब उस वायदे से मुकर गया। उसके परिजनों ने भी उसे धक्के मारकर घर से निकाल दिया।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची इस युवती ने पुलिस अफसरों को रो-रोकर आपबीती सुनाई। उसने बताया कि वह बदायूं में रहकर पढ़ाई करती है। दो साल पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती झांसी के बिजौली निवासी युवक से हो गई। युवक यहां किराने की दुकान चलाता है। युवक ने फेसबुक पर प्यार का झांसा देकर उसे झांसी बुलाया।