झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेंगी। बीयू ने अपने वेबसाइट पर परीक्षा कार्यक्रम अपलोड कर दिया है। विद्यार्थी इसे देख सकते हैं।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते इस बार भी परीक्षाएं समय से शुरू नहीं हो सकीं। अब बीयू स्नातक के द्वितीय, तृतीय वर्ष और परास्नातक के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 24 जुलाई से कराने जा रहा है। परीक्षा में 1.40 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा बैठेंगे। मंगलवार को बीयू ने परीक्षा का शेड्यूल (कार्यक्रम) भी जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि अंतिम परीक्षा 13 अगस्त को होगी। छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र बनाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा। छात्राओं का स्वकेंद्र ही होगा। अगर कोई कॉलेज डिबार है तो उसे केंद्र नहीं बनाया जाएगा।