फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व विधायक दीपनारायण पर नवाबाद और मोंठ थाने में दर्ज हुए मुकदमे

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। समाजवादी पार्टी के गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। उनके खिलाफ नवाबाद एवं मोंठ थाने में दो और मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें उन पर अपहरण करने, जमीन कब्जाने, रंगदारी मांगने, धोखाधड़ी करने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा एससी /एसटी एक्ट भी लगाया गया है। इन मुकदमों में दीपनारायण के साथ अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
विज्ञापन

सीपरी बाजार निवासी संजू जरैया ने नवाबाद थाने में शिकायती पत्र दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक दीपनारायण, उनके रिश्तेदार व सहयोगी एक जमीन के मुकदमे में लगातार राजीनामे का दबाव बना रहे थे। छह मई 2018 को विपक्षी उसे अगवा कर ओरछा के जंगलों में ले गए थे। यहां उसके साथ मारपीट की गई थी। इतना ही नहीं, एक महिला के साथ उसके अश्लील वीडियो भी बनाए थे। धमकाकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराते हुए जमीन के एग्रीमेंट कैंसल न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। 31 मई 2022 को वह मुकदमे के सिलसिले में न्यायालय आया था, इस दौरान विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया था। शिकायत पर पुलिस ने पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, घनश्यामदास, राजू, प्यारेलाल, उत्तम यादव, अमित अग्रवाल, हिस्ट्रीशीटर रमेश खंगार, दयाराम कुशवाहा, जयहिंद यादव, सोनू कुशवाहा, ऊधम यादव, हरेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह यादव, दामोदर यादव, वीर सिंह, जितेंद्र कुमार यादव व हरीशंकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, मोंठ थाने में ग्राम आमखेरा निवासी सुमित नारायण दांगी ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह एवं उनके साथियों ने उसके प्लॉट पर जबरन कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। चार जनवरी 2018 को विपक्षियों ने उससे पांच लाख की रंगदारी मांगी थी और 50 हजार रुपये नगद ले लिये थे, बावजूद प्लॉट पर कब्जा नहीं छोड़ा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, बृजेंद्र कुमार यादव, खरारी सोनी समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन

आज से 48 घंटे पुलिस रिमांड पर रहेंगे पूर्व विधायक
झांसी। पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर रहेंगे। पुलिस उन्हें रविवार को सुबह 10 बजे जेल से रिमांड पर लेगी और वे मंगलवार की सुबह 10 बजे तक पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर रहेंगे। उनके साथ मुकदमे के एक अन्य आरोपी अनिल यादव उर्फ मामा को भी पुलिस 48 घंटे की रिमांड पर लेगी। दोनों को आमने-सामने बैठाकर घटना के संबंध में जानकारी ली जाएगी।
पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी 72 घंटे की रिमांड मांगी थी, परंतु कोर्ट ने छह घंटे की रिमांड ही मंजूर की थी। बुधवार को पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया था। इसके बाद पुलिस की ओर से फिर से न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें पांच दिन की रिमांड मांगी थी। पुलिस ने न्यायालय को बताया था कि पिछली रिमांड का समय कम होने की वजह से पूर्व विधायक से पूछताछ पूरी नहीं हो पाई है, लिहाजा पांच दिन की रिमांड और दी जाए। अभियोजन व बचाव पक्ष को सुनने के बाद अदालत ने 48 घंटे की रिमांड ही मंजूर की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें