झांसी। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अमर उजाला और जिला प्रशासन की ओर से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास करने पहुंचे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि भौतिकता के युग में हम पाश्चात्य संस्कृति को अपनाते जा रहे हैं, जो जीवन के लिए बेहद घातक है। योग के जरिये स्वस्थ रहा जा सकता है और सेहतमंद शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि योग करने से जो अंदर से ताकत मिलती है, उससे हम कोई भी कठिन काम कर सकते हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सांसद अनुराग शर्मा सहित महापौर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक जवाहर लाल राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन व रामतीर्थ सिंघल रहे।
इससे पूर्व शुरुआत में अतिथियों ने भगवान धनवंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। अतिथियों का स्वागत डीएम अविनाश कुमार ने किया। शिविर में डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी राजेश एस, नगर आयुक्त सत्यप्रकाश, सीडीओ जुनैद अहमद, सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय, पीडी डीआरडीए राजेश कुमार आदि समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संचालन डा. नीति शास्त्री ने किया।