झांसी। गांवों में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिले की हर एक ग्राम पंचायतों में दो अमृत सरोवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। तालाबों का निर्माण मनरेगा और ग्राम पंचायतों द्वारा कराया जाएगा। जिसके तहत ग्रामीण इलाकों में जमीनों की तलाश शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण इलाकों में सिंचाई के पानी की व्यवस्था के साथ ही भूगर्भ जल स्तर बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा अमृत सरोवर बनाने के आदेश दिए थे। जिसके तहत जिले के 101 ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया है। अमृत सरोवर से ग्रामीण इलाकों के जल स्तर में डेढ़ से दो मीटर तक का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही खेतों की सिंचाई में भी कारगर साबित हुआ है। जिसके चलते सरकार द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायतों में दो अमृत सरोवर का निर्माण करने के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश प्राप्त होते ही मनरेगा और ग्राम पंचायत विभाग ग्रामीण इलाकों में जमीनों की खोजबीन करने में जुट गया है। जमीनों की तलाश पूरी होते ही अमृत सरोवरों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मनरेगा उपायुक्त राम औवतार ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो अमृत सरोवर का निर्माण कराने का आदेश प्राप्त हुआ है। जिसकी प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।