मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 28 दिसंबर को झांसी आने का अचानक कार्यक्रम आने से प्रशासन सतर्क एलर्ट हो गया है। सोमवार को मंडलायुक्त के. राममोहन राव, डीआईजी शरद सचान, डीएम अजय कुमार शुक्ला, एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने कई विभागों के अधिकारियों के साथ जीआईसी मैदान का निरीक्षण किया। रैली की व्यवस्थाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था का भी खाका तैयार किया।
सोमवार को पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के पास लखनऊ से संदेश आया कि मुख्यमंत्री 28 दिसंबर को झांसी आ रहे हैं। वह जालौन से वाया रोड झांसी आएंगे और रात को रुकेंगे। 29 दिसंबर की सुबह वह जीआईसी ग्राउंड में रैली को संबोधित करेंगे। छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटेंगे। इसके अलावा वृद्धा, समाजवादी और विधवा पेंशन भी देंगे। इसकी सूचना मिलने से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर के बाद नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने दर्जनों सफाई कर्मियों को जीआईसी ग्राउंड की साफ-सफाई करने के लिए भेज दिया।
मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त समेत कई विभागों के अधिकारी ग्राउंड पर पहुंच गए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राउंड का निरीक्षण करके सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया। डीआईजी शरद सचान ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के अचूक इंतजाम किए जा रहे हैं। बाहरी जिलों से काफी संख्या में पुलिस बल बुलाया जा रहा है। सर्किट हाउस, रैली स्थल पर चप्पे-चप्पे पर फोर्स रहेगा।