ग्राम पंडवाहा में टोड़ीफतेहपुर तिगैला पर बनी पानी की टंकी शोपीस
संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ीफतेहपुर। ग्राम पंडवाहा में टोड़ीफतेहपुर तिगैला पर पेयजल टंकी को इस उद्देश्य से स्थापित किया गया था ताकि आने-जाने वाले यात्रियों को गर्मी के मौसम में स्वच्छ पानी मिल सके लेकिन नलकूप में डाला गया सबमर्सिबल खराब होने के चलते महीनों से पानी टंकी शोपीस बनी हुई है।
ग्राम पंडवाहा में पानी टंकी का निर्माण 15वां वित्त आयोग से टाइड फंड योजना के अंतर्गत 5.70 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक प्रमुख गुरसराय द्वारा कराया गया था। नलकूप को संचालित किए जाने के लिए सोलर प्लेट लगाई गई थीं। जिससे पानी टंकी को पानी से भरा जा सके। शासन द्वारा लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी लोगों को इस भीषण गर्मी में सबमर्सिबल खराब होने से पानी नहीं मिल पा रहा है। टोड़ीफतेहपुर तिराहे पर लगा एक मात्र हैंडपंप ही दुकानदारों एवं राहगीरों का सहारा बना हुआ है।
स्थानीय दुकानदारों एवं लोगों ने बताया कि पानी टंकी को आमजन के लिए सुचारू रूप से चालू कराए जाने के लिए स्थानीय प्रशासन से मांग किए जाने के बाद भी आजतक उसे ठीक नहीं कराया गया है, जबकि वर्तमान में बड़ी माता मंदिर पर भव्य यज्ञ का आयोजन भी चल रहा है। जहां सैकड़ों की संख्या में दूरदराज से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। धर्मेंद्र पाल, राकेश चौरसिया, मातादीन अहिरवार, सोबरन पाल, बहीद खां, श्यामलाल द्वारा जिला प्रशासन से पंडवाहा तिगैला पर रखी पेयजल टंकी को सुचारू रूप से चालू कराए जाने की मांग की है। ग्राम सचिव दरयाव सिंह द्वारा बताया गया कि खराब सबमर्सिबल की जगह नया डालकर जल्दी जलापूर्ति को सुचारू रूप से चालू कर दिया जाएगा।