बांसी (ललितपुर)। कस्बा स्थित दिव्यांशी क्लीनिक पर हुई पांच वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में 20 दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी है। जबकि, पुलिस द्वारा कराए गए चिकित्सीय परीक्षण में डॉक्टर के नशे में होने की तत्काल पुष्टि हो गई थी। आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग ने भी तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी, लेकिन जिम्मेदार मौन साधे हैं।
नौ सितंबर को बांसी स्थित क्लीनिक पर इंजेक्शन लगाने के आधे घंटे बाद बच्ची की मौत हो गई थी। परिजनों ने नशे में उपचार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। चिकित्सक का पुलिस ने सीएचसी जखौरा में चिकित्सीय परीक्षण कराया था। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी ने क्लीनिक को सीज करते हुए कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
-
पहले भी हुई थी मौत : 30 जुलाई को एक व्यक्ति की मौत क्लीनिक पर उपचार के दौरान हो गई थी। मृतक की पत्नी सीमा ने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दिया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं की गई।
-
टीम ने अपनी जांच पूर्ण कर रिपोर्ट दे दी है। कार्रवाई के लिए प्रक्रिया चल रही है।-अर्जुन लाल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी