बुधवार को इटारसी रेलवे स्टेशन के आरआरआई सिस्टम में लगी आग से ट्रेनों का संचालन पटरी से उतर गया है। इस कारण भोपाल से झांसी आने वाली ट्रेनें घंटों देरी से आ रही हैं। कई ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। चार गाड़ियों को 29 जून तक आधे रास्ते तक निरस्त कर दिया गया है।
इटारसी रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटर लाकिंग कार्य प्रणाली (आरआरआई) से गाड़ियों का संचालन होता है। बुधवार को इस प्रणाली में आग लगने से इटारसी स्टेशन से ट्रेनें आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। घटना के कारण बुधवार को इटारसी से झांसी आई पंजाब मेल, झेलम एक्सप्रेस आदि ट्रेनें पांच से छह घंटे देरी से झांसी आई। इन ट्रेनों के पीछे आ रही गाड़ियों का भी यही हाल था। ट्रेनों की लेटलतीफी के इंतजार में यात्रियों का बुरा हाल रहा। गर्मी में यात्रियों को एक- एक पल गुजारना भारी रहा।
इसके अलावा डाउन कर्नाटक संपर्क क्रांति, डाउन कर्नाटका एक्सप्रेस को वसई रोड, नागदा, कोटा होकर, अप गोरखपुर लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, अप पठानकोट एक्सप्रेस, अप कुशीनगर एक्सप्रेस को निशादपुरा, उज्जैन, बड़ौदा होकर, डाउन जबलपुर नई दिल्ली एक्सप्रेस को कटनी, बीना, झांसी होकर, डाउन गोवा एक्सप्रेस को जलगांव, नागदा, कोटा होकर, अप पुष्पक एक्सप्रेस को भोपाल, उज्जैन, बड़ौदा होकर परिवर्तित मार्ग से गुजारा गया। इसके अलावा ग्वालियर भोपाल एक्सप्रेस का संचालन बीना से भोपाल के मध्य 19 से 29 जून तक, भोपाल ग्वालियर एक्सप्रेस का संचालन भोपाल से बीना के मध्य 19 से 29 जून तक, झांसी- इटारसी पैसेंजर का संचालन बीना से इटारसी के मध्य 19 से 28 जून तक व इटारसी झांसी पैसेंजर का संचालन इटारसी के बीना के मध्य 19 जून से 28 जून तक निरस्त रहेगा।