झांसी। महानगर में अवैध पार्किंग चलाने वालों को गुंडई की खुली छूट दे दी गई है। पार्किंग संचालक लोगों से मारपीट कर रहे हैं, उनको लूट रहे हैं और अभद्रता कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक है। आए दिन सामने आ रहे विवादों के बाद लोग शिकायत लेकर अफसरों के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों में अवैध पार्कि ंग को लेकर रोष बढ़ रहा है।
महानगर में अवैध पार्किंग संचालक आए दिन लोगों से वसूली और अभद्रता कर रहे हैं। पार्किंग संचालक वसूली के लिए लोगों को धमकाते और गुंडई करते हैं। पार्किंग वालों की गुंडई को लेकर सोमवार को रिटायर्ड बैंक अफसर ने शिकायत की थी, लेकिन अब तक मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। इसके साथ ही, बस स्टैंड के पास जबरन पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर पुलिस अधिकारियों तक टैक्सी चालक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसमें भी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बताया जाता है कि कई जगहों पर पुलिस की मिलीभगत से अवैध पार्किंग का खेल चल रहा है। वहीं अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ कार्रवाई न होने से लोगों में भी रोष पनप रहा है।
अमर उजाला असर
अवैध पार्किंग हटाएं और नए सिरे से कराएं ठेका
महानगर में चल रहीं अवैध पार्किंगों को लेकर महापौर रामतीर्थ सिंघल ने नगर निगम अफसरों को निर्देश दिए हैं। महापौर ने कहा है कि नगर निगम के चिह्नित स्थलों पर चल रहीं अवैध पार्किंग को हटाया जाए। साथ ही, नगर निगम के पार्किंग ठेकों की दरों को लेकर समिति बनाकर मंथन किया जाए। जिसके बाद नए सिरे से ठेका किया जाए। उन्होंने अफसरों को टीम भेजकर अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है।
अवैध पार्किंग के नाम पर लोगों को जमकर लूटा जा रहा है। गुंडई हो रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।- राजेंद्र
अवैध पार्किंग संचालक आए दिन लोगों से अभद्रता कर रहे हैं। शिकायत पहुंच रही हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।- राजेश कुशवाहा
जनता लुट रही है, पिट रही है, लेकिन अफसरों को कोई सरोकार नहीं है। अफसरों की शह पर पूरा खेल चल रहा है।- घनश्याम
पार्किंग करना तो शहर में दूभर हो गया है। जहां वाहन खड़ा करो, वहां पर्ची काटने आ जाते हैं। इस लगाम लगे।- आकाश कुमार
महानगर में अवैध पार्किेंग के नाम पर खूब विवाद हो रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।- अनिल कश्यप
मेरे क्षेत्र में अवैध पार्किंग चल रही है। पार्किंग को लेकर आए दिन विवाद हो रहे हैं। मैनें पहले मोतीलाल कांपलेक्स में पार्किंग बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया।- मुकेश सोनी, बंटी, पार्षद
बस स्टैंड के पास जबरन पार्किंग वसूली की शिकायत मिली है। फोर्स भेजकर पार्किंग हटवाई जाएगी। साथ ही, अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- राजेश सिंह, सीओ सिटी