झांसी। जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने संपूर्ण समाधान दिवस में कहा कि जमीन की पैमाइश होने के बाद भी यदि दोबारा कब्जा किया जाता है तो दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पुलिस पेट्रोलिंग लगातार हो, ताकि अपराधियों में भय बना रहे और आमजन में सुरक्षा का भाव आए।
उन्होंने कहा कि पांच दिसंबर को जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर सुपोषण स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। मेला में बच्चों, महिलाओं व किशोरियों को निशुल्क दवाइयां देने के साथ- साथ परामर्श भी दिया जाएगा। एएनएम, आशा, स्वच्छता कार्यकर्ता और कोटेदार मेला में अपनी सेवाएं देंगे। जो अनुपस्थित रहेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बिजौरा निवासी नीरज कुमार ने शिकायत करते हुए कहा कि दो फरवरी को पिताजी की मृत्यु हो गई थी, लेकिन अभी तक लेखपाल ने विरासत में उसका नाम दर्ज नहीं किया है। डीएम न लेखपाल अशोक कुमार वर्मा और शशि कुमार सूर्यवंशी को दो दिन में विरासत दर्ज करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में 201 मामले आए, इनमें से 17 शिकायतों का समाधान हो गया। बाकी को एक सप्ताह में हल करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, डीडीओ उग्रसेन सिंह यादव, पीडी डीआरडीए डॉ. आर के गौतम मौजूद रहे।
आरईएस के अधिशासी अभियंता को फटकारा
झांसी। जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने तहसील परिसर के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने एसी लगाने के दौरान सीलिंग नहीं लगाने पर नोडल एजेंसी आरईएस के अधिशासी अभियंता को कड़े शब्दों में फटकार लगाई और गुणवत्तापूर्र्वक कार्य करने के निर्देश दिए।
बीएलओ की बैठक आज
झांसी। मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत झांसी और बबीना विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ/ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व बीएलए की बैठक पांच दिसंबर को नवीन तहसील परिसर में होगी। तहसीलदार/ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि बबीना क्षेत्र की बैठक दिन में 12 बजे और झांसी क्षेत्र की बैठक दिन में दो बजे से होगी।