अंतर्राज्यीय बस स्टैंड पर फुटपाथी दुकानदारों और हाथ ठेला वालों ने फिर से अपना डेरा जमा लिया है। मंगलवार को नगर निगम, यातायात पुलिस और बस ऑपरेटर्स यूनियन की संयुक्त टीम ने यहां अतिक्रमण हटाया था। चौबीस घंटे बाद ही यहां फिर से कब्जे होने से समस्या जस की तस हो गई।
बस स्टैंड पर बुधवार को कई फुटपाथी दुकानदारों ने प्लेटफार्मों और परिसर के अन्य स्थानों पर अतिक्रमण कर लिया। हालांकि मंगलवार को जिन गुमटियों को हटाया गया था, वह फिर नहीं लगी। लेकिन हाथ ठेला वाले के आडे़-तिरछे खड़े होने के कारण अतिक्रमण की समस्या पहले की तरह जस की तस रही।
बुधवार को भी बस स्टैंड पर अभियान चलना था। यूनियन इंचार्ज गौरी शंकर पांडेय के मुताबिक बुधवार को दोपहर बाद अतिक्रमण हटाया जाना था, लेकिन नगर निगम का अमला नहीं आया। नगर निगम के संपत्ति अधिकारी केशव प्रसाद ने बताया कि बस स्टैंड पर जरूरत पड़ने पर फिर से अभियान चलाया जाएगा।
गंदगी की गिरफ्त से मुक्त नहीं हो सका प्रतीक्षालय
यात्री प्रतीक्षालय क ा ताला भले ही खुल गया हो, लेकिन उसके आस पास की गंदगी हटने का नाम नहीं ले रही है। जबकि नगर निगम के अधिकारियों ने बस आपरेटर्स यूनियन को आश्वासन दिया था कि प्रतीक्षालय पर जुटी गंदगी की नियमित सफाई होगी। बुधवार को भी प्रतीक्षालय खुला मिला, लेकिन गंदगी व बदबू के चलते प्रतीक्षालय में यात्री नहीं थे।