झांसी। दुकानों के बाहर सड़क की पटरी पर जगह-जगह अतिक्रमण है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम अतिक्रमण को हटाने के लिए मंगलवार से अभियान चलाएगा। दुकान के बाहर सामान मिलने पर संबंधित दुकानदार पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। विरोध करने वाले व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
महानगर अतिक्रमण की जद में है। नगर के सीपरी बाजार, मानिक चौक, सदर बाजार, बड़ा बाजार, गल्ला मंडी, सब्जी मंडी समेत अनेक स्थानों पर दुकानदारों द्वारा अपने बिक्री के सामान सड़क तक बढ़ा कर रख लिए जाते हैं। साथ ही सड़क के बीचों-बीच ठेला व्यवसायी भी खडे़ हो जाते हैं। बची-खुची कसर छुट्टा पशु पूरी कर देते हैं। इससे जाम की स्थिति बन जाती है, जो कई बार झगड़े का कारण बनती है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा अनेक बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, लेकिन शहर अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पा रहा है। अतिक्रमण टीम के जाते ही पुन: दुकानदार व पटरी व्यवसायियों द्वारा कब्जा कर लिया जाता है। इससे समस्या जस की तस बनी रहती है। अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह के मुताबिक अतिक्रमण हटाने के बाद उसी जगह पर दोबारा अतिक्रमण करने वाले व्यापारी पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
पुलिस भी नहीं करती सहयोग
मुख्य सचिव आलोक रंजन दिशा-निर्देश दे चुके हैं कि नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो सके इसकी जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र की पुलिस की है। इसके बाद भी पुलिस इस पर गौर नहीं करती है। पूर्व में कुछ थाना प्रभारियों ने बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया, जिसका असर भी दिखा था। अपर नगर आयुक्त के मुताबिक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने में भी पुलिस सहयोग नहीं करती है। इस कारण अभियान प्रभावी नहीं हो पा रहा है।