झांसी। झांसी- बबीना के बीच तीसरी रेल लाइन को शुरू करने में हो रही देरी अब खत्म होने जा रही है। सेना अपने डिफेंस यार्ड में जनवरी में काम करने की अनुमति प्रदान करेगा। इसके लिए सेना ने सहमति दे दी है। इस काम के पूरा होने पर ही मार्च तक तीसरी रेल लाइन चालू हो सकेगी।
झांसी से बबीना के बीच तीसरी लाइन (25.35 किलोमीटर) को बिछाने का काम रेलवे का निर्माण संगठन कर रहा है। झांसी और बबीना के बीच पटरी बिछाने और छोटे- बड़े 30 पुलों को बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। बिजौली, खजराहा व डीजल शेड पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है। अब बबीना स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम बाकी रह गया है। यह काम पिछले तीन महीने से लंबित पड़ा है। बबीना यार्ड से डिफेंस की एक पटरी निकली हुई है, जिससे यार्ड खाली नहीं मिल पा रहा है। मगर, अब उक्त कार्य के लिए सेना ने सहमति जता दी है। जनवरी में काम करने की अनुमति दी जाएगी। उक्त कार्य को पूरा करने में 20 से 25 दिन का समय लगेगा। इस काम के पूरा होने के बाद ही रेल संरक्षा आयुक्त नई पटरी का निरीक्षण कर सकेंगे। उनकी अनुमति के बाद ही नई लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा। निर्माण संगठन के एक अधिकारी ने बताया कि जनवरी में बबीना यार्ड खाली मिलने की उम्मीद है। जैसे ही यार्ड खाली मिलेगा इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग के काम को जल्द से जल्द पूरा करा लिया जाएगा।
ये मिलेगी राहत
------------
- इस रूट पर नई ट्रेनों को चलाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
- मालगाड़ियों के लिए बिल्कुल अलग लाइन हो जाएगी।
- नई ट्रेनों के चलने पर यात्रियों के लिए आरक्षण का कोटा बढ़ जाएगा।
- मालगाड़ियों का समय पालन सुधरने पर माल समय पर पहुंचेगा।
- दुर्घटना पर तीसरी रेल लाइन विकल्प के रूप में काम कर सकेगी।