परिवहन मंत्री से मिले विधायक जवाहरलाल राजपूत, मंत्री ने दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। कस्बा एवं आसपास के लोगों के लिए जल्द ही राहत भरी खबर आ सकती है। क्षेत्रीय विधायक जवाहरलाल राजपूत ने प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट कर झांसी से मोंठ तक इलेक्ट्रॉनिक बसों के संचालन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक राजपूत ने बताया कि परिवहन मंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही मोंठ में चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था की जाएगी और उसके बाद झांसी से मोंठ तक इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
फिलहाल परिवहन निगम की इलेक्ट्रॉनिक बसें झांसी से चिरगांव तक ही संचालित होती हैं, जिसके आगे मोंठ कस्बा और अन्य क्षेत्र के लोग इस सुविधा से वंचित हैं। कस्बा मोंठ के व्यापारी, दुकानदार, छात्र एवं आम नागरिक काफी समय से इस मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासी धर्मेंद्र, श्याम, मुकुल, विपिन, टिंकू, शाहिद, अजय व महेंद्र आदि लोगों ने इस मांग को बार-बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने उठाया।
विधायक जवाहरलाल राजपूत ने कहा कि झांसी से मोंठ और गुरसराय तक इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन शीघ्र शुरू कराया जाएगा। इस संबंध में परिवहन मंत्री से विस्तृत चर्चा हो चुकी है और उन्हें इस योजना पर अमल के लिए पूरी सहमति प्राप्त हो गई है। जल्द ही नगर में चार्जिंग स्टेशन बनाकर बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।