मोंठ क्षेत्र में सुबह नौ बजे से लिया जाएगा शटडाउन
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। कस्बा के 132 केवी पावर हाउस में विद्युत उपकरणों की मरम्मत के चलते शनिवार को मोंठ क्षेत्र के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। सुबह 9 बजे से लेकर देर शाम तक आपूर्ति बंद रहेगी।
अवर अभियंता विद्युत पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि मोंठ फीडर पर रखे गए 10 एमवी क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर में न्यूट्रल और अर्थिंग से संबंधित आवश्यक कार्य किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह कार्य पावर हाउस की सुरक्षा और स्थायी आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। इस दौरान सभी फीडरों से बिजली सप्लाई पूरी तरह रोकी गई है। शनिवार को एक ट्रांसफार्मर पर काम पूरा किया गया, जबकि रविवार को दूसरे ट्रांसफार्मर पर मरम्मत की जाएगी। इस कारण रविवार को भी पूरे दिन विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र की दीर्घकालिक बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है।
बिजली कटौती के चलते लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा, क्योंकि अधिकांश जल आपूर्ति प्रणाली बिजली पर निर्भर है। गर्मी के इस मौसम में बिना बिजली के रहना लोगों के लिए बेहद मुश्किल भरा रहा।