संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रविवार दोपहर आंधी-बारिश से गड़बड़ाई बिजली व्यवस्था तीन दिन बाद भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी। सोमवार रात और मंगलवार की दोपहर भी कई हिस्सों की बिजली बेपटरी रही। हजारों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा।
बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे तो तमाम किए जाते हैं, लेकिन जरा सी आंधी-बारिश में ही विद्युत आपूर्ति धड़ाम हो जा रही है। रविवार को तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने व्यवस्था की पोल खोल दी थी। शहर में जगह-जगह लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, इंसुलेटर फुंक गए। खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। जेल चौराहा, सूती मिल, गणेश चौराहा, इलाहाबाद बैंक चौराहा, हाइडिल, बूढ़ा क्षेत्र, रानीमहल, सिटी फीडर क्षेत्र, नगरा आदि क्षेत्र से जुड़े दो दर्जन मोहल्लों की आपूर्ति ठप रही। देर रात तक कर्मियों ने सुधार कार्य किया। इससे कई जगहों की बिजली ठीक कर ली गई, लेकिन सूती मिल क्षेत्र की बिजली तीन दिन बाद भी नहीं सुधरी।
यहां गत रात्रि बालाजी फीडर की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे जुड़े एक दर्जन मोहल्लों की आपूर्ति रात 12 बजे बाद तक बाधित रही। वहीं, मुन्नालाल पावर हाउस पर ओवरलोड के चलते कई फीडरों की बिजली आती-जाती रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई गांवों में खंभे टूटने से हालात नहीं सुधरे। यहां बिजली आपूर्ति के लिए सुधार कार्य जारी है।
-
बॉक्स में -
सर्राफा बाजार में हुई क्षमता वृद्धि, क्षेत्र की आपूर्ति ठप
- मुन्नालाल पावर हाउस से जुड़े सिटी फीडर अंतर्गत हींगन कटरा व सर्राफा बाजार क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की गई। यहां पहले से 400 केवी के 4 ट्रांसफार्मर मौजूद थे, एक और 400 केवी का ट्रांसफार्मर रखवाकर क्षमता वृद्धि की गई। इसके अलावा यहां एक एमवीए ट्रांसफार्मर का मेंटीनेंस भी किया गया, जिसके चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुबह से शाम तक बाधित रही।
-
बॉक्स में -
नंदनपुरा क्षेत्र में बाधित रही बिजली
- ग्रोथ सेंटर बिजलीघर अंतर्गत बर्द्धमान धर्मकांटा एरिया में केबल बदला गया। इससे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रही। नंदनपुरा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र कब्रिस्तान के पीछे भी केबल बदली गई। यहां भी बिजली गुल रही।
-
वर्जन -
- लोकल फाल्ट के चलते बिजली गड़बड़ा रही है। कहीं-कहीं सुधार कार्य से बिजली बंद हो रही है। फाल्ट में सुधार कर आपूर्ति बहाल की जा रही है।
- चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता नगर
विद्युत वितरण मंडल, झांसी।