अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर किसानों के अलग-अलग संगठनों ने कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपे गए।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने जिलाध्यक्ष कमलेश लंबरदार के नेतृत्व में धरना दिया। इस दौरान किसानों ने सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने, निजी नलकूपों पर मीटर लगवाने की प्रक्रिया को रोकने, बीज संरक्षण के लिए सार्वजनिक ट्रेनिंग सेंटर खोलने, जीएम मस्टर्ड (सरसों) को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने समेत अन्य मांगें रखीं। इस मौके पर अविनाश भार्गव, परमेश्वरी दयाल, राजाराम राजपूत, सीताराम, बृजेंद्र उपाध्याय, संतराम कुशवाहा, लालाराम, पंकज राजपूत, संतोष रावत, ठाकुर दास आदि मौजूद रहे।
वहीं, भारतीय हलधर किसान यूनियन ने बुंदेलखंड प्रभारी अरविंद वशिष्ठ की अगुवाई में प्रदर्शन किया। इस दौरान बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा के इंतजाम करने समेत अन्य मांगें रखीं। साथ ही कहा कि किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था बनाई जाए। इस मौके पर प्रभुदयाल साहू, यादवेंद्र यादव, मनीष कश्यप, निखिल पाठक, अभिषेक दीक्षित, अभिषेक कनौजिया, सिद्धार्थ गौतम, अवध साहू, अनिल पालीवाल, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।