विद्युत विजिलेंस टीम ने चेकिंग के दौरान नंदनपुरा में स्थित एक विवाह घर व एक मकान में डायरेक्ट बिजली चोरी पकड़ ली। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने विद्युत टीम की तहरीर पर मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
विद्युत विजिलेंस टीम ने चेकिंग के दौरान नंदनपुरा की गली नंबर तीन में अलाउद्दीन कुरैशी के घर में डायरेक्ट खंभे से की जा रही बिजली चोरी पकड़ ली। जांच में पाया गया कि गोविंद चौराहा निवासी अलाउद्दीन ने यह घर कुछ समय पहले किराएदार रखने के लिए खरीदा था। घर में एक दर्जन किराएदार रह रहे थे, जो सभी बिना कनेक्शन के ही खंभे से डायरेक्ट बिजली जला रहे थे। सभी किराएदार अपने- अपने कमरे में हीटर भी जलाते पाए गए। घर में 15 किलोवाट का लोड पाया गया। बाद में मकान मालिक को बुलाने के लिए सूचना भेजी गई, मगर वह सामने नहीं आया।
इसी तरह नंदनपुरा आरामशीन के बगल में स्थित नारायण विवाह घर में डायरेक्ट बिजली चोरी पकड़ी गई। विवाह घर संचालक शशि पाल सिंह अस्थायी संयोजन लेने की जगह खंभे से निकले दूसरे उपभोक्ता के कनेक्शन में तार जोड़कर बिजली जलाते पाए गए। विवाह घर में सात किलोवाट का लोड पाया गया। चेकिंग के कारण क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। चेकिंग टीम में उपखंड अधिकारी सचिन द्विवेदी, विजिलेंस अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल शामिल थे।