संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। आचार संहिता समाप्त होते ही बिजली विभाग ने बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों ने 16 टीमें गठित करते हुए रात के समय चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार देर रात तक चले बिजली चेकिंग अभियान में जिले में 28 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई।
रात को चेकिंग करने निकली बिजली विभाग की टीम ने मऊरानीपुर में 52 कनेक्शनों की जांच की। इसमें से आठ उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए। नगरीय विद्युत वितरण खंड झांसी में 27 उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच की गई। इस दौरान दो मीटरों में गड़बड़ी पाई गई। इसके साथ ही एक घर में बिजली चोरी की जा रही थी। वहीं झांसी विद्युत वितरण खंड में 49 कनेक्शनों व मीटरों की जांच की गई। 22 मीटरों में अनियमितताएं पाई गईं। इसके साथ ही सात उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए। बिजली विभाग की टीम ने शहरी क्षेत्र में चार ढाबा व पेट्रोल पंप सहित 22 स्थानों पर बिजली चेकिंग की। एक उपभोक्ता को बिजली चोरी करते पकड़ा। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्य अभियंता राजीव माहेश्वरी ने बताया कि बिजली चोरी पकड़ने के लिए 16 टीमें गठित की गईं हैं। रात में टीमें बिजली चोरी पकड़ने के लिए निकलती हैं। शनिवार देर रात तक चले चेकिंग अभियान में 28 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है।