चिरगांव। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ ने शनिवार को भोजनावकाश में निजीकरण के विरोध में विद्युत सब स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के जिला सचिव अभय कुमार ने कहा कि शासन द्वारा प्रदेश में 25,000 संविदा कर्मियों की छंटनी की गई है, जिससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। विभाग द्वारा फीडर तो बढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की संख्या घटाई जा रही है। नियमानुसार एक फीडर पर तीन कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए। लेकिन, यहां पर एक फीडर पर एक कर्मचारी ही तैनात है। चिरगांव विद्युत सब स्टेशन पर नौ कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें से तीन राजस्व वसूली में लगे रहते हैं। इसलिए कुल छह कर्मचारी नौ फीडर से जुड़े 50 गांवों की विद्युत सप्लाई देखते है।
इस मौके पर सुजीत श्रीवास्तव, विशाल खरे, रितिक यादव, रामशरण, शैलेंद्र यादव, महिपाल, कौशल किशोर, गौरव सैनिया, मनोज कुमार, अंजनी कुमार, राघवेन्द्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।