फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: तकनीकी खामी पकड़ी तब पटरी पर आई बिजली

विज्ञापन
विज्ञापन
बंद पड़ी थी पांच साल पहले बिछी 33 केवी लाइन, कनेक्शन जोड़ते ही मुन्नालाल सब स्टेशन जुड़ा हंसारी और दुनारा से
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मुन्नालाल पावर हाउस से जुड़े इलाकों में बिजली संकट अफसरों की गलती से हुआ। ओवरलोडिंग से निपटने के लिए पांच साल पहले बिछी 33 केवी सूती मिल लाइन बंद थी। तकनीकी निदेशक ने उपकेंद्रों का संपर्क देखा, तब समस्या का हल निकला। उन्होंने हाइडिल कॉलोनी और सूती मिल से आ रही 33 केवी लाइन से मुन्नालाल पावर हाउस को जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी। दावा किया कि अब ओवरलोडिंग की समस्या नहीं होगी।
गर्मी के बढ़ते ही बिजली की खपत बढ़ी तो शहर में बिजली संकट खड़ा हो गया। कहीं 11केवी लाइन फुंकी तो कही सब स्टेशन ओवरलोडिंग की वजह से ट्रिप होने लगे। यही नहीं, 132 केवी हंसारी ट्रांसमिशन पर भी ट्रिपिंग होने लगी। यह स्थिति तब रही जबकि ट्रांसमिशन से पर्याप्त आपूर्ति मिल रही थी। शहर के 33 केवी के 38 सब स्टेशनों पर लगे ट्रांसफार्मर अंडर लोड रहे।
विज्ञापन

वहीं, दूसरी तरफ कहीं आठ तो कहीं 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से शहर की जनता का गुस्सा सड़क पर फूटने लगा। लोगों ने सड़क पर जाम लगाना शुरू कर दिया। राजनीतिक दल भी आंदोलन के मूड में आ गए। मामले की गंभीरता देख दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी के आदेश पर निदेशक तकनीकी मनोज श्रीवास्तव ने एसई वर्कशॉप जेएस मिश्रा, एसई भंडार हरीश चौधरी, एसई तकनीकी अभय चौबे के साथ शुक्रवार को मुख्यालय पर डेरा डाल लिया।
उन्होंने मुख्य अभियंता और दोनों अधीक्षण अभियंताओं के साथ 33 केवी लाइनों पर चर्चा की। तब पता चला कि कनेक्टविटी न होने की वजह से बार-बार बिजली संकट पैदा हो रहा है। जबकि, पांच साल पहले मुन्नालाल पावर हाउस को हाइडिल कॉलोनी और सूती मिल से आ रही 33 केवी लाइन से जोड़ा गया था मगर सूती मिल की लाइन का उपयोग नहीं हो रहा था। रात को ही निदेशक इंजीनियरों की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे और बंद लाइन को चालू कराया मगर लाइन ट्रिप हो गई। शनिवार सुबह पांच बजे लाइन को चालू करा दिया गया। इसके बाद जब मुन्नालाल पावर हाउस का लोड हंसारी लाइन पर 230 एंपियर और दुनारा पर 150 एंपियर डालकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराई गई। यही नहीं, इससे भी ज्यादा खपत बढ़ने पर दुनारा पर लोड़ बढ़ा दिया जाएगा।
निदेशक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मुन्नालाल पावर हाउस का लोड हंसारी और दुनारा बिजली घर पर बांट दिया गया है। इससे ओवरलोडिंग से होने वाली समस्या का निदान हो गया है। यदि इससे भी ज्यादा खपत बढ़ेगी तो आपूर्ति व्यवस्था में कोई दिक्कत नहीं आएगी। बताया कि सूती मिल सब स्टेशन की क्षमता 20 एमवीए की है और यहां से खपत सिर्फ आठ एमवीए है। मांग बढ़ने पर मुन्नालाल पावर हाउस को पर्याप्त बिजली आपूर्ति की जा सकती है।



मई में बढ़ी अप्रत्याशित रूप से खपत, चोरी भी रही वजह

निदेशक ने बताया कि गत वर्ष मई में सर्वाधिक बिजली की खपत 201 एमवीए पहुंची थी, जो इस बार अप्रत्याशित रूप से 229 एमवीए पहुंच गई है। हर वर्ष अधिकतम 10 फीसदी बिजली खपत बढ़ने का अधिकतम अनुमान होता है। इसके हिसाब से तैयारी की जाती है मगर इस बार 28 एमवीए की खपत बढ़ी है। उनका कहना है कि शहर में जिस तरह से बिजली की खपत बढ़ी है, वह सिर्फ बिजली चोरी की वजह से। मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता शहर व अधीक्षण अभियंता देहात को निर्देश दिया गया है कि विजलेंस टीमें लगाकर बिजली चोरी पकड़वाई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए।


रानी महल पर पांच एमवीए का लगेगा ट्रांसफार्मर
निदेशक ने बताया कि रानी महल सब स्टेशन से पोषित इलाकों में बिजली की खपत बढ़ी है। इसके चलते पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का काम चल रहा है। बताया कि 20 दिन में ट्रांसफार्मर लगकर चालू कर दिया जाए। निदेशक ने सर्वाधिक बिजली खपत वाले नंदनपुरा, मेडिकल, रानी महल, सूती मिल, जेल चौराहा, सीपरी बाजार सब स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान खपत के हिसाब से इन सब स्टेशनों पर लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता पर्याप्त है।




ये काम और कराए जाएंगे
शहर में 11केवी की 22 लाइन का सुदृढ़ीकरण होगा। सात नई लाइन बिछाई जाएगी। 33 केवी की 12 लाइनों का सुदृढ़ीकरण होगा और एक नई बिछाई जाएगी। इसके अलावा मेडिकल, रानी महल समेत तीन उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ेगी।
विज्ञापन




शुक्रवार रात इन इलाकों में रहा बिजली संकट
झांसी। शुक्रवार-शनिवार की रात भी कई इलाकों में बिजली संकट बना रहा। इसकी वजह से कहीं आधा घंटे आपूर्ति के बाद आपूर्ति ठप होती रही तो कहीं एक घंटे के अंतराल में। इस वजह से लोगों ने गर्मी की रात जागकर काटी। शहर में तकनीकी निदेशक के मौजूद होने के बावजूद शहर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप रही। सबसे ज्यादा दिक्कत अयोध्यापुरी, मसीहागंज, नई बस्ती, उनाव गेट बाहर, उनाव गेट अंदर में रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें