अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार रात सीपरी बाजार के मसीहागंज मोहल्ले में युवक ने कुएं में कूदकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। उसके सुसाइड करने की वजह अभी मालूम नहीं चल सकी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मसीहागंज निवासी प्रभु कुशवाहा (40) बिजली मिस्त्री था। परिवार में पत्नी समेत तीन बच्चे हैं। परिजन के मुताबिक मंगलवार शाम को आने के बाद प्रभु ने शराब पी हुई थी। परिवार में विवाद के बाद वह घर के बाहर बने कुएं में कूद गया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग भी आ गए। उन लोगों ने पहले उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना पर सीपरी बाजार पुलिस भी जा पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो गई थी। थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी के मुताबिक सुसाइड करने की वजह अभी तक मालूम नहीं चल सकी है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।