झांसी। पंचायत चुनावों के प्रबंधन के लिए 82,97,520 रुपये जारी कर दिए गए हैं। इस राशि से मतदान स्थल की व्यवस्था, पूर्वाभ्यास एवं मतगणना की व्यवस्था होगी। साथ ही मतदान कर्मियों को यात्रा भत्ता आदि का वितरण होगा।
प्रभारी अधिकारी जिला निर्वाचन कार्यालय रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि मतदान स्थलों पर पेयजल, प्रकाश आदि की व्यवस्था के लिए प्रति मतदान स्थल 150 रुपये खर्च होने हैं, इसके लिए सभी तहसीलदारों को 1,82,600 रुपये की राशि जारी कर दी गई है।
मतदान के पूर्वाभ्यास व मतगणना की व्यवस्था के लिए 2,40,000 रुपये सभी खंड विकास अधिकारियों को जारी किए गए हैं। मतदान कार्मिकों को 150 रुपये प्रति व्यक्ति यात्रा भत्ता दिया जाएगा, इसके लिए मुख्य कोषाधिकारी को 59,95,000 रुपये जारी किए गए हैं। कार्मिकों के हल्के नाश्ते के लिए 13,68,900 रुपये दिए गए हैं।
पंचायत चुनाव की व्यवस्था में जुटे सुरक्षा कर्मियों के हल्के नाश्ते के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को 4,56,300 रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, प्रेक्षकों की व्यवस्था के लिए जिला आबकारी अधिकारी को 32 हजार रुपये दिए गए हैं। प्रति प्रेक्षक अधिकतम 20,000 रुपये खर्च करेंगे। निर्वाचन अवधि में ढुलाई एवं मजदूरी आदि कार्य के लिए प्रभारी अधिकारी जिला निर्वाचन कार्यालय पंचायत को 22,720 रुपये जारी किए गए हैं।