- परिवार में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। थाना मऊरानीपुर इलाके के रौनी गांव में नदी में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। भैंस को बचाने के प्रयास में बुजुर्ग हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद से परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है।
ग्राम रौनी निवासी अरविंद बरार ने बताया कि उसके पिता सुरेश बरार (62) प्रतिदिन की तरह शनिवार को अपनी भैंसें चराने के लिए खेत पर गए थे। देर शाम तक जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इस पर उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई। काफी तलाश के बाद उनका शव खेत के पास से गुजरी सिजार नदी में उतराता हुआ मिला। बेटे ने बताया कि पिता भैंस को नदी में जाने से बचाने के लिए पैर फिसलने से हादसे का शिकार हुए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। गांव में भी शोक की लहर है।
मऊरानीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि नदी में डूबने से बुजुर्ग की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।